जम्मू , जुलाई 20 -- जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में रागी नाला के पास एक यात्री बस और कई अन्य वाहनों पर पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये।
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि आज तड़के रागी नाला के पास पहाड़ी से पत्थर गिरे और वे एक यात्री वाहन से टकरा गये, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गयी। तीन अन्य लोगों को भी चोटें आयी हैं।
बचाव दल तुरंत हरकत में आ गये और घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया।
उन्होंने बताया कि भूस्खलन के कारण राजमार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है, जबकि मार्ग बहाल करने और सड़क साफ करने का काम जारी है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि बटोटे-डोडा-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-244) पर रागी नाला के पास एक यात्री बस और कई अन्य वाहनों पर पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना मिलने के बाद उन्होंने डोडा के जिलाधिकारी कृष्ण लाल से बात की है।
उन्होंने कहा, "एक व्यक्ति की मौत की सूचना है। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।"उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को जीएमसी उधमपुर स्थानांतरित कर दिया गया है, जबकि अन्य घायल व्यक्तियों को पीएचसी अस्सर में चिकित्सा सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मलबे को साफ किया जा रहा है और बचाव दल मौके पर मौजूद है।
उन्होंने पोस्ट किया कि यात्रियों को सलाह दी गयी है कि जब तक सड़क साफ नहीं हो जाती और वाहनों की आवाजाही के लिए सुरक्षित घोषित नहीं कर दी जाती, तब तक वे इस राजमार्ग पर यात्रा करने से बचें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित