जम्मू , अगस्त 03 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस ने राज्य के रामबन जिले में हिरासत में लिए गये 21 संदिग्ध अवैध अप्रवासियों (बंगलादेशी नागरिक) का प्रत्यर्पण करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि रामबन में नियमित वाहन जांच के दौरान जम्मू से कश्मीर की ओर वाहनों में यात्रा कर रहे कम से कम 21 संदिग्ध बंगलादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान तीन महिलाओं और सात बच्चों सहित यात्रियों का समूह देश में अपने वैध प्रवास को प्रमाणित करने के लिए कोई भी वैध पहचान पत्र या यात्रा संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद सभी को तत्काल हिरासत में ले लिया गया।आधिकारिक सूत्रों ने कहा, "कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है और उन सभी का जल्द ही प्रत्यर्पण कर दिया जायेगा।" पुलिस उस स्थानीय या अंतरराज्यीय गाइड के संपर्क की भी जांच कर रही है जिसने हिरासत में लिए गये व्यक्तियों की यात्रा को सुगम बनाया था।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित