जम्मू , नवंबर 03 -- जम्मू- कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने यहां निर्माणाधीन नए विधान सभा परिसर परियोजना के कार्यों का निरीक्षण एवं समीक्षा की है। इस दौरान उन्होंने गुणवत्ता के सर्वोच्च मानकों का पालन करते हुए इस प्रतिष्ठित परियोजना को समय पर पूरा करने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के बीच प्रभावी समन्वय, व्यवस्थित तरीके से काम पूरा करने और निर्धारित मानकों के कड़ाई से पालन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के प्रमुख संस्थागत बुनियादी ढांचे के रूप में इस परियोजना का खास महत्व है, इसलिए इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाना जरूरी है।

यह नया विधान सभा परिसर 208.53 करोड़ रुपये की संशोधित अनुमानित लागत से बन रहा है, जिसका कुल निर्मित क्षेत्र 22,165 वर्ग मीटर है। इस परियोजना की शुरुआत मूल रूप से 2012 में हुई थी, लेकिन 2018 से इसका निर्माण कार्य रुका हुआ था। वर्तमान सरकार के 2025 में संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति देने के बाद इस लंबे समय से लंबित परियोजना को दोबारा शुरू किया गया।

उमर अब्दुल्ला सरकार के तहत 15 फरवरी 2026 से इस परियोजना पर कार्य दोबारा शुरू हुआ, जिसके पूरा होने की समय-सीमा 31 अक्टूबर 2027 तय की गई है। इस छह मंजिला परिसर में एक आधुनिक विधानसभा हॉल, सेंट्रल हॉल, दर्शक एवं प्रेस दीर्घाएं, समिति कक्ष और बेहतर भवन प्रबंधन प्रणाली शामिल होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित