जम्मू , जनवरी 23 -- जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित श्री माता वैष्णो देवी गुफा मंदिर की यात्रा खराब मौसम के कारण शुक्रवार को स्थगित कर दी गई। इस बीच त्रिकुटा पहाड़ियों पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई है, जिससे पूरे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। अधिकारियों ने बताया कि आधार शिविर कटरा के मैदानी इलाकों में भारी बारिश हुई है।

खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण भवन के लिए संचालित होने वाली हेलीकॉप्टर सेवा भी बुरी तरह प्रभावित रही और उसे अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सुबह से ही कटरा आधार शिविर से यात्रा स्थगित कर दी और किसी भी नए जत्थे को भवन की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई। अधिकारियों का कहना है कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए मौसम की स्थिति बिगड़ने पर यह कदम उठाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित