जम्मू , सितंबर 10 -- जम्मू स्थित नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की हिरासत से फरार हुआ एक ड्रग तस्कर पड़ोसी राज्य पंजाब के जालंधर में पकड़ा गया है।

एनसीबी ने गुरुवार को यहां जारी एक बयान में बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस और पंजाब पुलिस के साथ करीबी समन्वय में एनसीबी ने पुलवामा जिले के काकापोरा निवासी और कुख्यात ड्रग तस्कर आकिब बशीर को सफलतापूर्वक पकड़ लिया। वह जम्मू में एनसीबी की हिरासत से फरार हो गया था।

अधिकारियों ने कहा, "जम्मू-कश्मीर और पंजाब में तीन दिनों तक लगातार तलाशी और निगरानी अभियान चलाया गया। जम्मू-कश्मीर पुलिस, पंजाब पुलिस और एनसीबी के बीच त्वरित समन्वय एवं खुफिया जानकारी साझा करने तथा केंद्रीय और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश की एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल से फरार आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली।"अधिकारियों के अनुसार जम्मू से फरार होने के बाद आरोपी पठानकोट के रास्ते जालंधर पहुंचा। फरार होने के बाद शुरुआत में उसने अंधेरे का फायदा उठाते हुए जांच एजेंसियों से बचने की कोशिश की और जम्मू में नरवाल फल मंडी के पास जंगल में छिप गया।

उन्होंने बताया कि पहचान छिपाने के लिए उसने दाढ़ी-मूंछ पूरी तरह साफ कर ली, कपड़े बदले और अपना हुलिया बदल लिया। इसके बाद उसने जालंधर में अपने संपर्कों का इस्तेमाल कर ठिकाना हासिल किया और तलाशी टीमों से बचने की कोशिश की।

अधिकारियों ने कहा कि लगातार मिल रही खुफिया सूचनाओं और समन्वित जमीनी प्रयासों से एजेंसियां उसके ठिकाने का पता लगाने और उसे घेरने में सफल रहीं।

एनसीबी (जम्मू, अमृतसर, चंडीगढ़)-पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे उस समय पकड़ा, जब वह कथित तौर पर दिल्ली या किसी अन्य राज्य की ओर जाने की तैयारी कर रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित