जम्मू , जुलाई 27 -- जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से 3,800 से अधिक तीर्थयात्रियों का जत्था अमरनाथ की पवित्र गुफा के लिए सोमवार को रवाना हुआ।
जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के मद्देनजर 19 जुलाई को रोकी गई यात्रा, खासकर पवित्र गुफा मंदिर तक जाने वाले पहलगाम और बालटाल रूट पर शनिवार को फिर से शुरू हुई थी। अधिकारियों के अनुसार 3823 यात्रियों का एक नया जत्था भगवती नगर यात्री निवास से बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुआ। यह जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 140 गाड़ियों के काफिले में रवाना हुआ।
उन्होंने बताया कि पहलगाम मार्ग के लिए कोई काफिला नहीं भेजा गया। यह सालाना यात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के त्योहार के साथ संपन्न हो जाएगी।अब तक चार लाख से अधिक यात्री पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। गौरतलब है कि श्री अमरनाथ यात्रा 2026 ने एक अहम उपलब्धि हासिल की है, क्योंकि कुल यात्रियों की संख्या चार लाख के आंकड़े को पार कर गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित