जमुई , मई 12 -- बिहार में जमुई जिले के खैरा, सदर और सोनो थाना क्षेत्रों में मंगलवार को बारिश के दौरान वज्रपात की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई और चार झुलस गए हैं।

सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।

पहली घटना खैरा थाना क्षेत्र के जोगाझिंगोई गांव की है, जहां 45 वर्षीय किसान राजा यादव की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार वह गांव के समीप बहियार में मवेशी चरा रहे थे, तभी अचानक बारिश शुरू हुई और आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

दूसरी घटना जमुई सदर थाना क्षेत्र के बिहारी गांव में हुई, जहाँ 35 वर्षीय किसान कपिल देव यादव बहियार में मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान वज्रपात की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

तीसरी घटना सोनो थाना क्षेत्र के रक्तरोहणीया गांव में हुई, जहां बगीचे में मौजूद मां-बेटी वज्रपात की चपेट में आ गईं। इस हादसे में 08 वर्षीय राबो खातून की मौत हो गई, जबकि उसकी मां नाजों खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित