जमुई , अप्रैल 20 -- मुई जिले के खैरमा इलाके में सोमवार को अपराधियों ने गिरफ्तारी के लिये गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमे एक सिपाही तथा दो सब इंस्पेक्टर घायल हो गए।

इस मामले में पुलिस टीम एक फरार अभियुक्त को पकड़ने पहुंची थी, उसी समय यह हमला हुआ, बावजूद इसके पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरप्तार अपराधी खैरमा निवासी ढीबू यादव पर डकैती, लूट और मारपीट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें कुछ रेलवे थाने के मामले भी शामिल हैं।

गिरफ्तार अपराधी ढिबू यादव लंबे समय से फरार चल रहा था और सूचना मिलने पर उसके खिलाफ दर्ज मामले के आईओ सुनील कुमार साह पुलिस बल के साथ सोमवार सुबह करीब 10 बजे खैरमा पुल स्थित चिमनी भट्ठा के पास पहुंचे थे।

सूत्रों के अनुसार पुलिस ने जैसे ही ढीबू यादव को दबोचा, उसी दौरान उसके परिवार के सदस्य और सहयोगी लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम को घेरकर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में एसआई सुनील कुमार साह, बिक्रम कुमार और सिपाही रणबीर कुमार घायल हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित