जमुई , सितंबर 22 -- बिहार के जमुई जिले के सदर थाना क्षेत्र के मड़वा पहाड़ इलाके में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ हुई अमानवीय घटना के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए मंगलवार को दो मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपित ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, जबकि दूसरे ने घेराबंदी के दौरान पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाएं पैर में गोली लगी है। इस मामले में सोमवार को गिरफ्तार किए गए तीन लोगों समेत अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत दयाल ने आज यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सोमवार को तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी थी। मंगलवार की सुबह सूचना मिली कि मामले के मुख्य आरोपित नंदन यादव और हरेराम यादव प्रतापपुर गांव के बहियार में नदी के समीप झाड़ियों में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर विशेष जांच दल (एसआईटी) ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस की घेराबंदी देखकर एक युवक भागने लगा। भागने के दौरान गिरने से उसके पैर में चोट लग गयी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम हरेराम यादव बताया। इसके बाद हरेराम से पूछताछ के आधार पर पुलिस को दूसरे मुख्य आरोपित नंदन यादव के ठिकाने की जानकारी मिली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित