जमुई , मार्च 18 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि राज्य में रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए जमुई जिले में छह हजार करोड़ रुपये की लागत से स्टील प्लांट स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
श्री चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान जमुई जिले के लछुआर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जमुई जिले में छह हजार करोड़ रुपये की लागत से स्टील प्लांट स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही भीमबांध और कुंड घाट को इको टूरिज्म के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
श्री चौधरी ने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में बुनियादी सुविधाओं का गंभीर अभाव था। उस समय सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाएं पर्याप्त नहीं थीं। उन्होंने कहा कि तब राज्य में केवल छह हजार किलोमीटर सड़कें थीं, जो अब बढ़कर एक लाख 40 हजार किलोमीटर हो गई हैं।उन्होंने कहा कि बिहार का बजट पहले लगभग 23 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये का हो चुका है। बिजली के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव आया है। पहले जहां केवल 17 लाख बिजली उपभोक्ता थे, अब यह संख्या बढ़कर दो करोड़ 16 लाख हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित