जमुई, मार्च 19 -- मुई जिले के थेगुआ पंचायत अंतर्गत गारोनवादा स्थित काली मंदिर से चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर गुरुवार की सुबह भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमे 651 कन्याओं और सुहागिन महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस यात्रा में पारंपरिक परिधानों में सजी कन्याएं सिर पर कलश लेकर कतारबद्ध चल रही थीं, जो श्रद्धा, आस्था और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत कर रही थीं।
कलश यात्रा मंदिर परिसर से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई। इसके बाद यह यात्रा हनुमान घाट होते हुए विभिन्न मार्गों का भ्रमण करती हुई पुनः गारोनवादा काली मंदिर पहुंची। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नदी से पवित्र जल भरकर कलश में स्थापित किया गया। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में भक्ति गीत, जयकारों तथा पुष्प वर्षा के साथ यात्रा का स्वागत किया गया।
आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के भी पर्याप्त इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका। स्थानीय लोगों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता, सहयोग और सांस्कृतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ करने का संदेश दे गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित