जमुई, अप्रैल 07 -- जमुई जिले के संगथू और मिसिरबीघा इलाके के बहियार गांव में मंगलवार को गेहूं के खेतों में आग लग जाने से किसानों का भारी नुकसान हुआ है।
यह घटना दोपहर लगभग एक बजे की बताई जा रही है, जब खेतों में खड़ी गेहूं की फसल अचानक धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते कई किसानों की महीनों की मेहनत जलकर राख हो गई। लगभग 10 बीघा खेत में गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस आग के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि तेज गर्मी या किसी चिंगारी की वजह से आग भड़की हो सकती है। आग की सूचना मिलते ही आसपास के किसान अपने-अपने खेतों की ओर दौड़े, लेकिन तेज लपटों के कारण अपनी फसल का बचाव नहीं कर पाए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के अन्य खेतों को बचाया जा सका। यदि समय पर आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो नुकसान और भी अधिक हो सकता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित