पटना , सितंबर 28 -- बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने जमुई यौन उत्पीड़न मामले की नाबालिग पीड़िता की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा किए जाने को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की है।
राजद के प्रतिनिधिमंडल ने आज बिहार राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष अमरदीप और बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा को अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पार्टी के प्रवक्ता चित्रांकन गगन ने यहां कहा कि मुख्यमंत्री के फेसबुक, थ्रेड्स और एक्स अकाउंट पर नाबालिग पीड़िता और उसके परिजनों के साथ तस्वीर साझा की गयी थी। इस मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय के एक कर्मचारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद तस्वीर हटा दी गयी थी।
अपने ज्ञापन में राजद ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट से तस्वीर साझा होने के बावजूद उनके खिलाफ बाल संरक्षण कानूनों के तहत कार्रवाई नहीं की गयी। पार्टी ने पॉक्सो अधिनियम की धारा 23(2) और 23(4), किशोर न्याय अधिनियम की धारा 74 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 72 के तहत कार्रवाई की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित