प्रयागराज , सितंबर 24 -- बिहार के जमुई में 10वीं की छात्रा के साथ हुई बर्बर घटना के विरोध में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बुधवार रात मशाल जुलूस निकालकर प्रतिरोध जताया।

दिशा छात्र संगठन और स्त्री मुक्ति लीग के आह्वान पर छात्र-छात्राएं महिला छात्रावास से एकत्र हुए और केपीयूसी होते हुए सीनेट गेट तक मशाल एवं नारों के साथ प्रतिरोध मार्च निकाला। सीनेट गेट पर आयोजित प्रतिरोध सभा में वक्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

स्त्री मुक्ति लीग की वक्ता अंजली ने कहा कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ इस तरह की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं और समाज में ऐसी मानसिकता के खिलाफ आवाज उठाने की जरूरत है।

दिशा छात्र संगठन की अवनी ने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों से पीछे धकेलने वाली मानसिकता का विरोध किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और सार्वजनिक जीवन में स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ने का अधिकार है और किसी भी तरह के भय से इन अधिकारों को सीमित नहीं किया जा सकता।

प्रतिरोध मार्च में शामिल छात्र-छात्राओं ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा और भेदभाव के विरोध में आवाज उठाना जरूरी है। उन्होंने न्याय की मांग के साथ ऐसी मानसिकता के खिलाफ सामाजिक स्तर पर प्रतिरोध जारी रखने की बात कही।

मशाल जुलूस और प्रतिरोध सभा में प्रियांशु, पूजा, चंद्रप्रकाश, अविनाश, आरती समेत कई छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित