जमुई , अप्रैल 24 -- बिहार में जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम बस की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी तथा एक अन्य घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बाइक पर सवार दो युवक जा रहे थे। इस दौरान सिकंदरा-जमुई मुख्य मार्ग पर बसैया गांव के समीप तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दोनों युवकों को कुचल दिया। इसके बाद चालक बस सहित फरार हो गया। इस घटना में पतंबर गांव निवासी प्रशांत कुमार (22) की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूत्रों ने बताया कि घायल अमित कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई में भर्ती कराया गया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।मामले की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम को समाप्त करवाया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित