जमुई, मार्च 13 -- युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय जमुई ने शुक्रवार को एक दिवसीय स्पेशल रोजगार शिविर का आयोजन किया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें विभिन्न कंपनियों से जोड़ना था।

इस विशेष रोजगार शिविर में कुल 10 कंपनियों ने भाग लिया। इन कंपनियों की ओर से विभिन्न पदों के लिए कुल 250 रिक्तियों की अधिसूचना जारी की गई थी। रोजगार की तलाश में जिले के अलग-अलग प्रखंडों से बड़ी संख्या में युवाओं ने शिविर में पहुंचकर भाग लिया और अपना बायोडाटा जमा किया।

जिला नियोजनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविर के दौरान कुल 302 अभ्यर्थियों ने अपने बायोडाटा नियोजकों को सौंपे। इसके बाद कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों का प्रारंभिक साक्षात्कार लिया गया और उनकी योग्यता एवं अनुभव के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई।

साक्षात्कार के बाद मौके पर ही कुल 127 अभ्यर्थियों का औपबंधिक रूप से चयन किया गया। चयनित युवाओं को आगे की नियुक्ति प्रक्रिया के लिए संबंधित कंपनियों द्वारा आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि ऐसे रोजगार शिविरों के माध्यम से युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे न केवल बेरोजगार युवाओं को लाभ मिल रहा है, बल्कि कंपनियों को भी योग्य और प्रशिक्षित मानव संसाधन मिल पा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित