जमुई , मार्च 08 -- बिहार के जमुई जिले के चकाई प्रखंड अंतर्गत नौआडीह पंचायत के बीचकोड़बा बाजार निवासी मुकेश वर्णवाल ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 465वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।

इस संबंध में मुकेश वर्णवाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता के त्याग और संघर्ष को दिया। उन्होंने कहा कि, मेरे पिता का त्याग अविश्वसनीय रहा है। उन्होंने हमेशा मुझे पढ़ाई के लिये प्रेरित किया और हर परिस्थिति में मेरा साथ दिया। उनकी मेहनत और समर्थन की वजह से ही मैं आज यहां तक पहुंच पाया हूं।

मुकेश वर्णवाल ने बताया कि यह उनका दूसरा प्रयास था। पहले प्रयास से मिले अनुभव ने उनकी तैयारी को और मजबूत बनाया। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत, अनुशासन और सही रणनीति के कारण इस बार उन्हें सफलता मिली है।

उन्होंने बताया कि उनकी रैंक के आधार पर भारतीय पुलिस सेवा कैडर मिलने की संभावना अधिक है, जबकि भारतीय प्रशासनिक सेवा मिलने की संभावना थोड़ी कम है।

साधारण परिवार से आने वाले मुकेश की इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।

मुकेश के पिता बीचकोड़बा बाजार में एक छोटी सी मेडिकल दुकान चलाते हैं और उसी आमदनी से पूरे परिवार का भरण- पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद मुकेश ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह बड़ी सफलता हासिल की है। उनकी सफलता से स्थानीय लोगों में भी उत्साह है और लोग इसे क्षेत्र के युवाओं के लिये प्रेरणादायक बता रहे हैं।

मुकेश की इस उपलब्धि से उनके परिवार, मित्रों और क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुकेश की सफलता सीमित संसाधनों में भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित