जमुई, अप्रैल 26 -- बिहार में जमुई जिले के उत्पाद विभाग में तैनात दो सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) और दो होमगार्ड जवानों को अपहरण कर फिरौती मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एएसआई सुजीत कुमार, एएसआई दिलीप कुमार, होमगार्ड रविंद्र कुमार और होमगार्ड गुलशन कुमार के रूप में हुई है। ये सभी नवादा जिले के पकरीबरावां-कौवाकोल उत्पाद चेकपोस्ट पर तैनात थे।
जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया कि 23 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे नर्वदा गांव निवासी पिंटू कुमार ने लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई संतोष कुमार दिन में करीब 01 बजे अपनी कार से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। शाम करीब 7:30 बजे संतोष कुमार ने फोन कर बताया कि उनका अपहरण कर लिया गया है और उन्हें छोड़ने के बदले 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है।
सूचना मिलने पर पिंटू कुमार अपने परिजनों के साथ 2 लाख रुपये लेकर नवादा पहुंचे भी थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जमुई पुलिस ने सदर अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सतीश सुमन के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर जांच शुरू की। टाउन थाना, खैरा थाना, गरही थाना और डीआईयू की टीम ने संयुक्त रूप से जमुई और नवादा में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पीड़ित की क्रेटा कार बरामद की गई, वहीं डेढ़ लाख रुपये आरोपियों के पास से जब्त किए गए।
जांच में चारों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां सभी को जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित