बलरामपुर-रामानुजगंज , जुलाई 20 -- छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां दो चचेरे भाइयों ने एक शिक्षक की चाकू से गला रेतकर और हथौड़े से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम राधानगर निवासी शिक्षक जयकरन जगते (50) सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक से अपने घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित स्कूल के लिए निकले थे। रास्ते में सड़क किनारे पहले से घात लगाए बैठे उनके चचेरे भाई बृजमोहन (25) और हरिमोहन (24) ने उन पर हमला कर दिया।

बताया गया कि आरोपियों ने शिक्षक पर चाकू और हथौड़े से लगातार वार किए। हमले में उनकी गर्दन पर गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना की पृष्ठभूमि में लंबे समय से चला आ रहा जमीन का विवाद है। रविवार को दोनों पक्षों के बीच गांव में बैठक भी हुई थी। आरोप है कि बंटवारा होने के बाद भी शिक्षक संबंधित जमीन पर खेती और उसकी नाप-जोख नहीं होने दे रहे थे, जिससे विवाद लगातार बढ़ रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही त्रिकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित