रायसेन , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के गौहरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम चिकलोद कला में जमीन विवाद के दौरान हुई एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के सगे भाई समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (ओबेदुल्लागंज) शीला सुराणा ने बताया कि आरोपी नारायण सेन ने अपने छोटे भाई विष्णु प्रसाद सेन पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना में मृतक के पुत्र अजय सेन और अखिलेश सेन भी घायल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि मारपीट में आरोपी की पत्नी शांताबाई, बेटी अंजली और दामाद संजू सेन उर्फ अनिल भी शामिल थे। गौहरगंज पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को ग्राम नगरी स्थित खेत में बुआई को लेकर विवाद हुआ था। चिकलोद निवासी विष्णु प्रसाद सेन अपने पुत्रों अखिलेश और अजय के साथ खेत पर पहुंचे, जहां उनके बड़े भाई नारायण सेन खेत जोत रहे थे। बुआई का विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो हिंसक संघर्ष में बदल गई। इस दौरान धारदार हथियारों और चाकू से किए गए हमले में विष्णु प्रसाद सेन की मौत हो गई, जबकि उनके दोनों पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब ढाई महीने पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित