मुरैना , मार्च 9 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुए संघर्ष में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मुरैना गांव स्थित स्वामी मोहल्ला निवासी दो सगे भाई प्रदीप शर्मा और श्रीनिवास शर्मा के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

आज सोमवार सुबह प्रदीप शर्मा अपने पुत्र वैभव शर्मा और विनय शर्मा के साथ खेत में खड़ी सरसों की फसल काटने पहुंचे थे। इसी दौरान श्रीनिवास शर्मा अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला शुरू हो गया।

इस घटना में प्रदीप शर्मा और उनके दोनों पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने वैभव शर्मा की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित