रांची , मार्च 05 -- झारखंड के पलामू जिले हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के हीरा सिकनी गांव में जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक 70 वर्षीय बुजुर्ग, विश्वनाथ रजवार की कुल्हाड़ी (टांगी) से काटकर हत्या कर दी गई है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी, उसके बेटे और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक विश्वनाथ रजवार का अपने ही गोतिया (रिश्तेदार) कपिल रजवार के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। होली के दिन नशे की हालत में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। बहस के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि कपिल रजवार और उसके परिजनों ने विश्वनाथ रजवार पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया पुलिस ने मुख्य आरोपी कपिल रजवार और उसके बेटे आनंद रजवार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में संलिप्त एक 16 वर्षीय नाबालिग को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है।

वहीं मृतक के परिजनों की शिकायत पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।

श्री कुमार ने बताया कि जमीन के विवाद को लेकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित