धार , जून 06 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के बदनावर तहसील के ग्राम खेरोद में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में शनिवार दोपहर खूनी संघर्ष हो गया। जिसमें दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने बंदूक से हवाई फायर भी किए थे, घटना की सूचना मिलते ही सादलपुर पुलिस टीम सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) पारुल बेलापुरकर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। जिस जमीन को लेकर विवाद चल रहा हैं, उस जमीन को शासकीय बताई जा रही है। जिसपर दोनों ही पक्ष कब्जा करना चाहते थे।

पुलिस ने जमीन को लेकर राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दी है। खेत पर दो ट्रैक्टर भी पुलिस को मिले हैं, इन वाहनों की मदद से ही जमीन को बारिश के पूर्व बोवनी के लिए तैयार किया जा रहा था।

खेरोद के मुख्य मार्ग पर करीब एक बीघा जमीन हैं, इस जमीन पर ही डोडिया सहित रघुवंशी परिवार के लोगों में ही कब्जे को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा है। घटना के दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, इस दौरान फलिये, डंडों से आरोपियों ने एक-दूसरे पर हमला किया था। पुलिस के अनुसार फरियादी रामेश्वर पिता भागीरथ डोडिया ने बताया कि आरोपी पक्ष के बबलु रघुवंशी और उसके परिवार के लोगों ने मारपीट की तथा जान से मारने की नियत से तीन हवाई फायर किये थे। डोडिया परिवार के विकास, संजय, सोहन और उमेश को चोट आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित