बैतूल , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र में जमीन बेचने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में 70 वर्षीय बुजुर्ग को कथित तौर पर मारपीट कर कुएं में फेंकने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बेटे और बहू ने बुजुर्ग के मुंह में कपड़ा ठूंसने के बाद उन्हें पानी से भरे कुएं में फेंक दिया और पत्थर भी बरसाए। ग्रामीणों की मदद से बुजुर्ग को कुएं से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बेटे और बहू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटना आमला के बोरदेही थाना क्षेत्र के तुराबोरगांव की है। गांव निवासी बाबू कड़वे ने अपने हिस्से की जमीन बेच दी थी। इसी बात को लेकर उनका बेटा दिलीप कड़वे और बहू देवकी कड़वे से विवाद चल रहा था।

आरोप है कि शनिवार को बाबू कड़वे खटिया पर सो रहे थे, तभी बेटे और बहू ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उनके चिल्लाने पर कथित तौर पर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। इसके बाद दोनों उन्हें कुछ दूरी पर स्थित पानी से भरे कुएं के पास ले गए और कुएं में फेंक दिया। आरोप है कि कुएं में गिरने के बाद भी दोनों ने उनके ऊपर पत्थर फेंके, जिससे उन्हें चोटें आईं।

बताया गया है कि कुएं में लगी मोटर और रस्सी के सहारे बाबू कड़वे ने खुद को संभाले रखा। इसी दौरान उनकी पत्नी कमला को कुएं की दिशा से आवाज सुनाई दी। वह मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद बुजुर्ग को कुएं से बाहर निकाला।

घायल बाबू कड़वे को उपचार के लिए मुलताई अस्पताल ले जाया गया, जहां पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए। बोरदेही पुलिस के अनुसार बयान के आधार पर बेटे और बहू के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित