हरदोई , नवंबर 04 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के बघौली थाना क्षेत्र के सिरदारपुर मजरा अड़ंगापुर में मंगलवार देर शाम जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने से करीब नौ लोग घायल हो गए।

गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय राजेंद्र पुत्र रामप्रसाद की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष के 40 वर्षीय संजीव पुत्र रामपाल की हालत नाजुक बनी हुई है। अन्य घायलों को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच तीन बीघा जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार देर शाम इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मारपीट में शामिल लोगों और विवाद के कारणों की पड़ताल की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित