भोपाल , जून 23 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर कथित भूमि सौदों को लेकर सवाल उठाते हुए उनसे पद से इस्तीफा देने की मांग की है।

माकपा के राज्य सचिव मंडल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कुछ ही वर्षों में 335 एकड़ जमीन खरीदे जाने और बाद में उसके आसपास सरकारी परियोजनाएं मंजूर होने संबंधी आरोप सामने आने के बाद मुख्यमंत्री को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। पार्टी ने मांग की कि डॉ. यादव तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें।

बयान में कहा गया है कि अब यह देखा जाएगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी कथित भ्रष्टाचार के आरोपों के संबंध में मुख्यमंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई करते हैं या उनका बचाव करते हैं।

माकपा ने अपनी इकाइयों से इस मुद्दे को लेकर अभियान चलाने का आह्वान किया है। साथ ही भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाली जनता से भी इस मामले में सक्रिय होने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित