प्रयागराज , जुलाई 19 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के मेजा इलाके में जमीन विवाद में एक बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार बुजुर्ग पर शनिवार रात को चाकू से हमला किया गया था। वह रविवार दोपहर करीब एक बजे वह घायल मिले। परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। यहां इलाज के दौरान शाम चार बजे उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि आबादी की जमीन के विवाद में पड़ोसियों ने चाकू से हमला कर उनकी हत्या की है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मामला मेजा थाना क्षेत्र के भटौती मदरहा गांव का है। मूल रूप से भसुंदर के रहने वाले सूर्य बली (60) भटौती मदरहा गांव में रहते थे। परिजनों ने बताया कि कल रात अज्ञात लोगों ने सूर्य बली पर चाकू से कई बार हमला किया था।
बड़े बेटे चिंता मणि ने आरोप लगाया है कि आबादी की भूमि को लेकर पड़ोसियों से कई दिनों से विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि मृतक ने वर्षों पूर्व 18 विश्वा जमीन खरीदी थी, जिसके सटी हुई आबादी को विपक्षी हड़पना चाहते थे। आशंका है कि इसी रंजिश में हत्या की गई है।
मेजा थाना प्रभारी नितेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि मृतक के बेटे रामचंद्र गुप्ता की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित