महोबा , मई 19 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के खन्ना क्षेत्र मे मंगलवार को एक युवक ने अपने पिता की लोहे की राड से पीट कर हत्या कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि ग्योडी निवासी सुंदर लाल का छोटा पुत्र जय हिन्द शराब का लती है और पिता की 12 बीघा कृषि भूमि अपने नाम कराना चाहता था लेकिन सुंदर लाल इसके लिए तैयार नहीं था। पिछले दिनों बड़े बेटे राजेंद्र की बीमारी के कारण मौत हो जाने के बाद जय हिन्द ने जमीन के लिये लगभग हर रोज लड़ाई झगड़ा करना शुरू कर दिया। इसी क्रम में आज सुबह जमीन को लेकर पिता पुत्र मे विवाद हुआ जिसमे जय हिन्द ने लोहे की राड से हमला बोल सुंदर लाल को पीटते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया और भाग गया।

गंभीर रूप से घायल सुंदर लाल को परिजन इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए लेकिन उसकी रास्ते मे ही मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंच मृतक के शव को कब्जे मे लिया है और पंचनामा भर कर पोस्ट मार्टम के लिए पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किये है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित