भोपाल , सितंबर 28 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में जिला सहकारी एवं ग्रामीण विकास बैंक की 5.5 एकड़ कृषि भूमि की कथित रूप से नियम विरुद्ध नीलामी और पद के दुरुपयोग से जुड़े मामले में विशेष भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय ने चार आरोपियों को दोषी ठहराते हुए तीन-तीन वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश मनोज कुमार सिंह की अदालत ने दोषियों पर अलग-अलग धाराओं में अर्थदंड भी लगाया है।
विशेष लोक अभियोजक डॉ. राम कुमार खत्री के अनुसार ग्राम सिकंदराबाद, तहसील हुजूर निवासी कृषक काशीराम ने अपनी कृषि भूमि बंधक रखकर ऋण लिया था। आरोपियों ने वर्ष 2006-07 के दौरान उसकी 5.5 एकड़ भूमि को करीब 55 हजार रुपये में नीलाम कर दिया। अभियोजन के अनुसार नीलामी में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया और भूमि को बाजार मूल्य तथा कलेक्टर द्वारा निर्धारित मूल्य से काफी कम कीमत पर नीलाम किया गया।
मामले में आरोप था कि नीलामी प्रक्रिया से संबंधित नोटशीट में कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उन्हें पुष्टि के लिए संयुक्त पंजीयक, सहकारी संस्थाएं, भोपाल को भेजा गया और नीलामी की पुष्टि करा ली गई। अभियोजन के अनुसार आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत कई भूमि नीलामियां एक ही खरीदार के पक्ष में कराने की योजना बनाई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित