पन्ना , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में जमीनी विवाद के चलते एक युवक ने कथित रूप से अपनी मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि घटना पवई थाना क्षेत्र के कमता गांव की है। मृतका की पहचान शीला पांडे (42) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मृतका के पति शंकरदयाल पांडे (45) ने सूचना दी कि उनका पुत्र रामदयाल पांडे (26) जमीन संबंधी विवाद को लेकर अपनी मां के साथ डंडे से मारपीट कर रहा था, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी रामदयाल पांडे को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में प्रयुक्त यूकेलिप्टस का डंडा सूखे कुएं में फेंकने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने डंडा बरामद कर जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में उप जेल पवई भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित