भिण्ड , अक्टूबर 03 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र के खिरिका गांव में चार बिस्वा जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद शनिवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान एक पक्ष की ओर से छत पर चढ़कर की गई फायरिंग में महिला सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए भिण्ड जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, खिरिका गांव निवासी इंदर सिंह (67) और उनके पड़ोसी मोहन सिंह (40) के बीच चार बिस्वा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। शनिवार को इसी जमीन को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले गाली-गलौज हुई और इसके बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से छत पर चढ़कर फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।

फायरिंग में गोली लगने से इंदर सिंह, मोहन सिंह, उसकी पत्नी नीतू और भतीजा विष्णु (21) घायल हुए हैं। मारपीट में कुछ अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। गोली चलने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही ऊमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भिण्ड जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। फायरिंग किस हथियार से और किसने की, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के बीच पहले हुए विवाद और घटना के दौरान मौजूद लोगों से जानकारी जुटा रही है।

ऊमरी थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि पांच से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी है। गोली चलने की सूचना भी मिली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल लगाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित