रायपुर , फरवरी 06 -- छत्तीसगढ़ के पूर्व आबकारी मंत्री एवं कोंटा के विधायक कवासी लखमा ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर जाकर उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी मुक्तेश्वरी बघेल ने लखमा का आरती उतारकर स्वागत किया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की है। यह मुलाकात एक ऐसे समय में हुई है जब कवासी लखमा और श्री बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल दोनों ही राज्य के कथित शराब घोटाले मामले में जमानत पर रिहा हैं। पूर्व आबकारी मंत्री लखमा एक साल से अधिक समय तक रायपुर सेंट्रल जेल में रहे थे, जहां से उन्हें 15 जनवरी 2025 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद, उच्चतम न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की बेंच ने अंतरिम जमानत दी है।

दूसरी ओर, श्री बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल को भी उसी शराब घोटाले मामले में बिलासपुर उच्च न्यायालय से इस साल दो जनवरी को जमानत मिली थी। उच्च न्यायालय ने अपने आदेश में कहा था कि चैतन्य बघेल की कथित भूमिका उन कई प्रमुख आरोपियों की तुलना में काफी कम थी, जिन्हें पहले ही जमानत दी जा चुकी है। उनकी गिरफ्तारी पिछले साल 18 जुलाई को ईडी द्वारा उनके जन्मदिन के दिन की गई थी।

छत्तीसगढ़ सरकार ने हालांकि चैतन्य बघेल को मिली इस जमानत को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी है। उच्चतम न्यायालय में इस याचिका पर 15 जनवरी को सुनवाई हुई, जिसे अदालत ने आगे के लिए स्थगित कर दिया। जांच एजेंसियों का आरोप है कि यह घोटाला वर्ष 2019 से 2022 के बीच हुआ, जब राज्य में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार थी।

कवासी लखमा की श्री बघेल के परिवार से यह मुलाकात राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। दोनों ही नेता कांग्रेस पार्टी से संबंध रखते हैं और एक ही मामले में कानूनी प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित