जालंधर , मार्च 10 -- पंजाब सरकार के नशा विरोधी अभियान 'नशे के विरुद्ध युद्ध' के तहत मंगलवार को जालंधर गांव जमशेर में एक कुख्यात नशा तस्कर के पंचायती जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को ढहा दिया गया।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि यह कार्रवाई ग्राम पंचायत जमशेर, एस.डी.ओ. जमशेर और कमिश्नरेट पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई है। ए.डी.सी.पी-2 हरिंदर सिंह गिल और ए.डी.सी.पी कैंट सरवणजीत सिंह ने व्यक्तिगत रूप से इस पूरी कार्रवाई की निगरानी की।
उन्होंने बताया कि यह अवैध निर्माण जमशेर खास (पट्टी गिल्लां) निवासी जेम्स उर्फ साबी का था, जो जालंधर कमिश्नरेट के थाना सदर के अधिकार क्षेत्र में आता है। जेम्स उर्फ साबी एक कुख्यात नशा तस्कर था, जिस पर पहले से ही एन.डी.पी.एस. एक्ट और एक्साइज एक्ट के तहत 16 मामले दर्ज थे। वह कपूरथला जेल में बंद था और बीमारी के कारण अमृतसर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस पते पर उसकी पत्नी सत्या देवी और बेटा करण रह रहे हैं, जिनके खिलाफ भी जालंधर कमिश्नरेट के थाना सदर में 1-1 मामला दर्ज है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित