रांची , सितंबर 18 -- झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित भुवनेश्वरी मंदिर रोड में एन-111 के पास शुक्रवार को चिन्मया स्कूल के बच्चों से भरी टाटा विंगर स्कूल वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में करीब 15 से 17 बच्चे घायल हो गए। इनमें दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वैन चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और सभी घायलों को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि, स्कूल वैन स्टेडियम की ओर से बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान अचानक वैन का संतुलन बिगड़ गया और वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुर्घटना के पीछे एक कार को बचाने की कोशिश भी वजह हो सकती है। बताया गया कि सामने से आ रही एक कार स्कूल वैन के काफी करीब आ गई और उसे छूते हुए निकल गई। इसी दौरान कार की ओर देखने और पीछे मुड़ने के क्रम में वैन चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिसके बाद वैन डिवाइडर से जा टकराई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित