रांची , जनवरी 31 -- झारखंड के जमशेदपुर में गाजियाबाद स्थित मैक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ गबन का एक और मामला दर्ज किया गया है।
यह प्राथमिकी साकची थाना में बर्मामाइंस निवासी जसपाल सिंह की शिकायत पर दर्ज की गई है। मामले में फिल्म अभिनेता व सांसद मनोज तिवारी, अभिनेता गोविंदा, चंकी पांडे, शक्ति कपूर के साथ-साथ कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह, उनकी पत्नी प्रियंका सिंह और जमशेदपुर शाखा प्रबंधक शिव नारायण पात्रो को आरोपी बनाया गया है।
साकची थानेदार के अनुसार, शिकायतकर्ता जसपाल सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्होंने मैक्सीजोन कंपनी में करीब 8 लाख रुपये का निवेश किया था। कंपनी की ओर से हर माह 15 प्रतिशत ब्याज देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन न तो समय पर ब्याज का भुगतान किया गया और न ही मूल राशि लौटाई गई।
मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने अदालत का रुख किया था, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर साकची थाना को प्राथमिकी दर्ज कर जांच करने का निर्देश दिया गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वादी जसपाल सिंह ने बताया कि निवेश से पहले उन्हें कंपनी से जुड़े कई फिल्मी कलाकारों के विज्ञापन और प्रचार सामग्री दिखाई गई थी। इन प्रचार माध्यमों के जरिए यह विश्वास दिलाया गया कि कंपनी पूरी तरह सुरक्षित और भरोसेमंद है।
जमशेदपुर शाखा के प्रबंधक शिव नारायण पात्रो ने भी कथित तौर पर कहा था कि कंपनी को नामचीन फिल्म अभिनेताओं का समर्थन प्राप्त है। इसी भरोसे के आधार पर उन्होंने बड़ी रकम निवेश कर दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब तय समय पर ब्याज और बाद में मूल राशि की मांग की गई, तो कंपनी की ओर से टालमटोल शुरू हो गई। लगातार संपर्क के बावजूद भुगतान नहीं किया गया, जिससे उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
ज्ञातव्य है कि गाजियाबाद की मैक्सीजोन कंपनी पहले भी देश के विभिन्न हिस्सों में हजारों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी के आरोपों में घिर चुकी है। कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह बिहार के वैशाली जिले के निवासी हैं। पिछले वर्ष पुलिस ने दोनों को कोडरमा रेलवे स्टेशन से राजधानी एक्सप्रेस से गिरफ्तार किया था। फिलहाल दोनों न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित