रांची , दिसंबर 27 -- झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।
हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान आदित्यपुर कॉलोनी रोड नंबर-7 निवासी कृष (19) और अभय (26) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, अभय अपने दोस्त कृष के साथ देर रात खाना खाने के लिए स्टेशन की ओर जा रहा था। दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे, जबकि उनके दो अन्य दोस्त दूसरी बाइक से आगे-आगे चल रहे थे। इसी दौरान जुगसलाई रेलवे फाटक के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना जुगसलाई थाना पुलिस को दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।
जहां एमजीएम अस्पताल में चिकित्सकों ने इलाज के दौरान दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक अभय के पिता शिव मुनि सिंह ने बताया कि अभय अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित