मुंबई , जून 27 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शिवसेना (यूबीटी) के बागी सांसदों के लोकसभा क्षेत्रों में उद्धव ठाकरे के दौरों को 'अपर्याप्त' करार देते हुए कहा है कि सभी के पार्टी छोड़कर जाने के बाद इन क्षेत्रों का दौरा करना निरर्थक है।
उल्लेखनीय है कि शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसद दल बदलकर श्री शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गये हैं। श्री ठाकरे बागी सांसदों के संसदीय क्षेत्रों में रैलियां कर रहे हैं, जिस पर श्री शिंदे ने तीखा हमला बोला है।
श्री शिंदे ने रायगढ़ में संवाददाताओं से कहा, " वह मैं ही हूं जिसने हर किसी को काम पर लगा दिया है। यह तो वही बात हो गयी, बारात रवाना होने के बाद घोड़े आये। सब (पार्टी छोड़कर) जा चुके हैं तो अब आने का क्या फायदा?"श्री शिंदे ने 2019 की राजनीतिक उठापटक के तार उस हालिया हवाई यात्रा से जोड़े जिसमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और श्री ठाकरे साथ थे। उन्होंने कहा, " विमान से ज्यादा ईमान जरूरी है। महाराष्ट्र के लोगों ने 2019 में हमें एक ही रास्ते पर चलने का जनादेश दिया था, लेकिन उस समय उन्होंने (श्री ठाकरे) फैसला किया कि वह कांग्रेस की डूबती नाव में सवार होंगे। आज जो हो रहा है, उसके बीज तभी बो दिये गये थे।"उन्होंने श्री ठाकरे के नेतृत्व इतिहास पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि श्री फडणवीस एक बुद्धिमान नेता हैं, जिन्होंने बेहद करीब से देखा है कि एक धोखेबाज दोस्त कितना खतरनाक हो सकता है।
रायगढ़ ज़िले के प्रभारी मंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों पर श्री शिंदे ने कहा कि इस फ़ैसले की घोषणा जल्द ही की जायेगी। सूत्रों के अनुसार, मंत्री भरत गोगावले इस ज़िम्मेदारी के लिए सबसे आगे हैं।
रायगढ़ में छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक की वर्षगांठ समारोह 'शिवराज्याभिषेक सोहला' के दौरान, श्री शिंदे ने जनता से उनके गुणों और आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील की तथा इसे ही मराठा शासक को सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित