नोएडा , अप्रैल 22 -- उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बुधवार को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए जब महिलाएं जिम्मेदारी संभालेंगी, तो परिवारवादी यारी अपने आप खत्म हो जाएगी।

श्री चौधरी ने बुधवार को यहां संवाददाता सम्मेलन के दौरान "सशक्त नारी, समृद्ध समाज" का नारा देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया महिला आरक्षण विधेयक महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। भाजपा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल नारा नहीं, बल्कि भाजपा की प्राथमिकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं के उत्थान को "अटकाने, भटकाने और लटकाने" का काम किया है।

भाजपा नेता ने 2017 से पहले की सपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। उन्होंने आरोप लगाया कि छेड़खानी और अपराध की घटनाओं के कारण प्रदेश "जंगलराज" में बदल गया था और प्रशासन अपराधियों व माफियाओं को संरक्षण देता था।

मुस्लिम महिलाओं के लिए धर्म आधारित आरक्षण की मांग पर श्री चौधरी ने इसे संविधान के विरुद्ध बताया। उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा, "न नीयत, न नीति, सिर्फ राजनीति।"उन्होंने नोएडा को देश का सबसे तेजी से विकसित होता शहर बताया। औद्योगिक प्रगति में महिलाओं की "आधी भागीदारी" की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह बदलाव समाज को नई दिशा दे रहा है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए भाजपा का संकल्प अटूट है और आने वाले समय में महिलाओं की भागीदारी देश के विकास की नई धुरी बनेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित