जोधपुर , मई 30 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के चाय के निमंत्रण और राजनीतिक तंज पर बिना नाम लिए पलटवार करते हुए कहा है कि जब चाय पर बुलाने की जरूरत थी, तब तो वह भागते रहे और चाय पर बुलाने के बजाय कहीं और मुझे भेजने की कोशिश करते रहे, लेकिन नाकामयाब रहे।
श्री शेखावत ने सुबह दिल्ली जोधपुर हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में श्री गहलोत पर यह तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब वो राजस्थान के मुख्यमंत्री थे, राजस्थान को जल जीवन मिशन में सबसे ज्यादा संसाधन दिए गए थे, उस समय में चाय पर बुलाकर बात करने की, चर्चा करने का विषय था, चर्चा करने की आवश्यकता भी थी, लेकिन तब तिथियों पर तिथियां तय करने के बाद भी वो निरंतर भागते रहे। चाय पर बुलाने के बजाय कहीं और मुझे भेजने की कोशिश करते रहे, लेकिन नाकामयाब हुए। उसकी खिसियाट अभी भी शायद बाकी है।
जोधपुर हवाईअड्डे के नए टर्मिनल से संबंधित विकास कार्यों की शुरुआत को लेकर पूछे सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय इसके लिए लगातार प्रयासरत है। वर्तमान में कुछ तकनीकी और छोटे-मोटे विषय शेष हैं, जिन्हें शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। प्रधानमंत्री जी की उपलब्धता के आधार पर इसके उद्घाटन की तिथि निर्धारित की जा रही है, जिसके बाद इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित