जालौन , मई 12 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और ओवरलोड एवं जब्त वाहनों के सुरक्षित रखरखाव के उद्देश्य से डकोर क्षेत्र में 1.61 करोड़ रुपये की लागत से होल्डिंग एरिया और डम्पिंग यार्ड बनाया जाएगा। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को प्रस्तावित निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। ग्राम डकोर, परगना एवं तहसील उरई स्थित बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड के किनारे बनने वाले इस होल्डिंग एरिया एवं डम्पिंग यार्ड को प्रशासन ने जिले की महत्वपूर्ण जरुरत बताया है। करीब 161.99 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस परियोजना का निर्माण लोक निर्माण विभाग सीडी-3 द्वारा कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में ओवरलोड, अवैध परिवहन अथवा अन्य मामलों में पकड़े गए वाहनों को सुरक्षित रखने के लिए जनपद में पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है। इसके कारण प्रशासन को सड़क किनारे वाहनों को खड़ा कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित होल्डिंग एरिया बनने के बाद जब्त वाहनों को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखा जा सकेगा। इससे सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या कम होगी और यातायात संचालन अधिक सुचारु एवं सुरक्षित बन सकेगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पहले भूमि का समतलीकरण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। उन्होंने परियोजना को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित