जबलपुर , मई 03 -- मध्यप्रदेश में जबलपुर जिले के बरगी बांध में हुए क्रूज नाव हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। रविवार सुबह पांच वर्षीय बालक और उसके चाचा का शव मिलने के साथ ही सभी लापता व्यक्तियों का पता चल गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मयूरम (5) और उसके चाचा कमराज (करीब 50) के शव बरगी बांध से बरामद किए गए। दोनों के शव पानी में तैरते हुए मिले, जिन्हें बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया है। कमराज खमरिया स्थित आयुध निर्माणी में कर्मचारी बताए गए हैं।

यह दुर्घटना गुरुवार शाम उस समय हुई थी, जब लगभग 20 वर्ष पुरानी नाव तेज आंधी-तूफान के दौरान पलट गई। नाव का संचालन राज्य पर्यटन विभाग द्वारा किया जा रहा था।

बचाव अभियान में आगरा से एयरलिफ्ट कर लाए गए करीब 20 सेना के गोताखोरों के साथ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल और स्थानीय गोताखोर शामिल रहे। सभी 13 लापता व्यक्तियों के मिल जाने के बाद खोज अभियान अब समाप्ति पर है।

पुलिस के अनुसार नाव में सवार 41 यात्रियों में से 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था। वहीं सीसीटीवी फुटेज में 43 लोगों को नाव की ओर जाते हुए देखा गया, हालांकि अब तक 41 यात्रियों की पहचान की पुष्टि हो सकी है। वही राज्य सरकार ने इस घटना की जांच के आदेश देते हुए तीन चालक दल के सदस्यों को बर्खास्त कर दिया है तथा प्रदेश में इस प्रकार की नावों के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित