आगरमालवा , सितंबर 23 -- गुजरात के वडनगर से वाराणासी तक निकाली जा रही जन सेवा संकल्प यात्रा आज आगरमालवा पहुंची।
इस मौके पर मध्य प्रदेश के अनुसूचति प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक मधु गहलोत, भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणजनों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म स्थान वडनगर से प्रारंभ हुई यह यात्रा 17 सितंबर से पूरे देश में भ्रमण कर रही है। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा देना तथा प्रधानमंत्री के जीवन एवं जनसेवा के कार्यों से अवगत कराना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन सेवा के 25 वर्षों का कार्यकाल बेमिसाल रहा है। उनके नेतृत्व में आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अनेक कल्याणकारी योजनाओं से आमजन लाभान्वित हो रहा है। उन्होंने जिले के नागरिकों से इस यात्रा से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने का भी आव्हान किया। इसके बाद प्रभारी मंत्री श्री चौहान ने श्रीकृष्ण गौशाला में गायों के लिए प्रस्तावित अस्पताल का भूमिपूजन किया।
इसके पूर्व सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा यात्रा बरगड़ी से प्रस्थान कर उज्जैन-गरोठ हाईवे बड़ोद पर पहुंची इस यात्रा में बाइक रैली के साथ बाइक पर सवार प्रभारी मंत्री श्री चौहान का कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना एवं एसपी दिलीप सोनी ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। सेवा यात्रा एवं बाईक रैली का जगह-जगह जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा पुष्पा वर्षा कर स्वागत किया गया।
यात्रा के साथ गुजरात से आए रीडर योगेन्द्र सिंह ने कहा कि वे अपने परिवार सहित रतलाम से कलश यात्रा लेकर आ रहे हैं तथा यात्रा के दौरान मध्यप्रदेश में उन्हें अपार सम्मान प्राप्त हो रहा है। उन्होंने प्रदेश के निरंतर विकास एवं प्रगति की कामना की।
शाम को आगरमालवा पहुंचने पर जन सेवा यात्रा का विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों और नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर जिला मुख्यालय स्थित विजय स्तंभ पर माँ भारती का पूजन कर आरती की गई। इस अवसर पर विधायक मधु गहलोत द्वारा पूर्व सैनिकों का शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में हरिनारायण यादव, भेरूसिंह चैहान, भरत प्रजापत, महेश शर्मा, प्रेम यादव, तूफानसिंह गरबड़ा, श्रीमती रेखा यादव, श्रीमती आभा चोपड़ा, श्रीमती मीना स्वर्णकार, यात्रा प्रभारी प्रवेश गुप्ता, पवन शर्मा, आयुष कोठारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं शहरवासी उपस्थित थे।
सेवा यात्रा नगर भ्रमण करते सांदीपनि विद्यालय पहुंची जहां विधायक श्री गहलोत ने अतिथियों के साथ मॉ सरस्वती का पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पवन शर्मा ने इस यात्रा के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा विधायक श्री गहलोत ने स्कूल के छात्र-छात्राओं को पाठ्यपुस्तकें भी वितरित की।
इस अवसर पर श्री गहलोत ने कहा कि देश एवं विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में निकाली जा रही, यह जन सेवा यात्रा जन-जन को जोड़ने का कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में शहरवासी भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित