चंडीगढ़ , नवंबर 04 -- पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने बुधवार को चंडीगढ़ सचिवालय में जन सुनवाई और समाधान शिविरों के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने इन पहलों को नागरिकों की समस्याओं के समाधान और प्रशासन को आम लोगों के करीब लाने का प्रभावी माध्यम बताया।
बैठक में बताया गया कि एक जनवरी 2026 से अब तक आयोजित 48 जन सुनवाई कार्यक्रमों में 21 विभागों और कार्यालयों से संबंधित कुल 357 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 257 शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है। इस प्रकार शिकायतों के समाधान की दर करीब 72 प्रतिशत रही।
इसी तरह, पांच समाधान शिविरों में प्राप्त 350 शिकायतों में से 313 का निपटारा किया गया है। इन शिविरों में शिकायतों के समाधान की दर 89.4 प्रतिशत रही। पहले तीन शिविरों में प्राप्त सभी शिकायतों का समाधान कर दिया गया है। डड्डूमाजरा में 85, हल्लोमाजरा में 66 और मलोया में 50 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। वहीं, मनीमाजरा में मिली 83 शिकायतों में से 69 और रामदरबार में प्राप्त 66 शिकायतों में से 43 का निपटारा किया जा चुका है।
श्री कटारिया ने कहा कि संवेदनशील और जवाबदेह शासन व्यवस्था के लिए नागरिकों तथा प्रशासन के बीच सीधा संवाद जरूरी है। आवासीय क्षेत्रों में आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों से लोगों को अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में आसानी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित