गोपालगंज , जुलाई 07 -- बिहार के कृषि मंत्री और बीस सूत्री प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि जन सहयोग शिविर शासन और जनता के बीच संवाद को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है।गोपालगंज जिले के हथुआ प्रखंड के सेमराव पंचायत के पंचायत सरकार भवन में आज "सबका सम्मान, जीवन आसान" अभियान के तहत जन समस्याओं के समाधान के लिये जन सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि मंत्री सह बीस सूत्री प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने की।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री सिन्हा ने आमजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम नागरिकों को उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा ऐसे जन सहयोग शिविर शासन और जनता के बीच संवाद को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम में हथुआ के विधायक रामसेवक सिंह, विधान परिषद सदस्य राजीव कुमार, जिला पदाधिकारी समीर सौरभ , पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी तथा सेमराव पंचायत की मुखिया पूजा राय सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
शिविर के दौरान भूमि, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, सड़क एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों का पंजीकरण किया गया। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया तथा शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जन सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। जिला प्रशासन द्वारा सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित