धार , सितंबर 18 -- मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक शुक्रवार आयोजित किए जा रहे 'जन-विश्वास' कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को धामनोद थाने में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में इंदौर ग्रामीण डीआईजी मनोज कुमार सिंह ने आमजन की समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए।
डीआईजी श्री सिंह ने शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाने में लंबित पुरानी शिकायतों का भी बारीकी से परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य आम जनता की रोजमर्रा की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान करना है। जनता को त्वरित एवं न्यायपूर्ण राहत दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है।
मीडिया से चर्चा में डीआईजी ने क्षेत्र की जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर नागरिक बेझिझक एसडीओपी या थाना प्रभारी से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर है और आमजन से सीधे संवाद के माध्यम से समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। शिविर में एसडीओपी धामनोद मोनिका सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आवेदक मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित