बैतूल , अगस्त 07 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत मुलताई तहसील की ग्राम पंचायत चिखलीकला में आयोजित समाधान शिविर में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, नाली, फसल बीमा, अतिक्रमण और आजीविका से जुड़ी समस्याएं उठाईं। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

शिविर में ग्रामीणों ने नल-जल योजना की अधूरी पाइपलाइन का मुद्दा उठाया। इस पर कलेक्टर ने जल निगम के अधिकारियों को रक्षाबंधन से पहले ठेकेदार के माध्यम से पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कराने तथा वर्धा डैम पर इंटेक वेल और जल शोधन संयंत्र का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

ग्रामीण महिलाओं ने गांव में बाहर से आकर अवैध शराब बिक्री किए जाने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने एसडीओपी को संबंधित स्थान पर कार्रवाई कर दुकान सील करने तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

किसानों ने फसल बीमा राशि खातों में जमा नहीं होने की समस्या रखी, जिस पर उप संचालक कृषि को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं अधूरी नाली निर्माण की शिकायत पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए कहा गया।

ग्राम पंचायत खेरवानी के हिवरा स्थित मरघट ढाना के ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति और खराब गुणवत्ता वाले सोलर उपकरणों की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम को संबंधित विभाग से समन्वय कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर पटवारी को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया।

स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने गांव में आजीविका भवन की मांग की। कलेक्टर ने जिला पंचायत के अधिकारियों को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से ग्राम पंचायत के अतिरिक्त कक्ष में आजीविका भवन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

शिविर में हरिजन मोहल्ले में जल निकासी की समस्या तथा आगजनी से प्रभावित महिला को मुआवजा नहीं मिलने का मामला भी सामने आया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को दोनों मामलों में शीघ्र कार्रवाई कर आवश्यक राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित