लखनऊ , मई 10 -- उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में शनिवार को जनपद रायबरेली स्थित आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना में जन भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए चिंतन शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी कार्य दक्षता, कार्य प्रणाली, कार्यों में आने वाली समस्याओं, आपसी समन्वय तथा टीमवर्क से संबंधित विषयों पर खुलकर विचार-विमर्श किया।

राज्यपाल ने विभिन्न सत्रों में आयोजित इस चिंतन शिविर को संबोधित करते हुए ने कहा कि हमें अपने अनुभवों का उपयोग समाज कल्याण के लिए करना चाहिए। उन्होंने गुजरात में आयोजित चिंतन शिविरों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन व्यवहारिक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव कार्य संस्कृति एवं कार्य निष्पादन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।

उन्होंने अन्न की बर्बादी रोकने पर विशेष बल देते हुए कहा कि सभी को उतना ही भोजन ग्रहण करना चाहिए जितनी आवश्यकता हो तथा बच्चों को भी इस संबंध में संस्कारित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में समानता एवं समरसता की भावना को मजबूत करने के लिए सभी को समान दृष्टि से देखने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में कोई न कोई क्षमता एवं कौशल अवश्य होता है। छोटी-छोटी बातों एवं त्रुटियों पर भी ध्यान देना चाहिए तथा यदि कोई गलती हो जाए तो उसे स्वीकार कर भविष्य में दोबारा न होने देने का प्रयास करना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि यह चिंतन शिविर सहयोग, समन्वय एवं आपसी विश्वास की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने जन भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य दक्षता बढ़ाने, टीमवर्क एवं बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आपसी संवाद को सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन एवं निर्देश दिए।

इस अवसर पर कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों पर विशेष कार्याधिकारी (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ0 सुधीर महादेव बोबडे ने प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल द्वारा आधुनिक रेल कोच फैक्ट्री परिसर स्थित व्हील शॉप में स्थापित नई व्हील मशीनों का लोकार्पण किया गया तथा फैक्ट्री का अवलोकन भी किया गया।

चिंतन शिविर के पश्चात जन भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना का भ्रमण भी किया तथा वहां संचालित विभिन्न तकनीकी एवं उत्पादन इकाइयों का अवलोकन किया। प्रतिभागियों ने कारखाने की आधुनिक कार्यप्रणाली, मशीनों एवं उत्पादन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित