अल्मोड़ा , मार्च 25 -- उत्तराखंड में धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को जनपद अल्मोड़ा के मल्ला महल में ''जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल'' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

बहुउद्देशीय शिविर के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का प्रसारण किया गया, जिसमें उन्होंने चार वर्षों की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताते हुए राज्य के समग्र विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि सरकार ने सुशासन की नई कार्य संस्कृति स्थापित करते हुए आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और पारदर्शी भर्ती प्रणाली को मजबूत किया है।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनसामान्य को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

मुख्य अतिथि मेयर अजय वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य ने विकास, विश्वास और सुशासन का सशक्त मॉडल प्रस्तुत किया है। समान नागरिक संहिता, भू-कानून और नकल विरोधी कानून जैसे फैसलों ने उत्तराखंड को नई पहचान दी है।

कार्यक्रम में कुमाऊंनी संस्कृति की झलक देखने को मिली। सांस्कृतिक कलाकारों और स्कूली बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। विभागों ने भी योजनाओं की जानकारी और लाभ उठाने की प्रक्रिया से लोगों को अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 22.5 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में धुरंधर धामी के नाम से बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने यहां फोटो खिंचवाकर कार्यक्रम को यादगार बनाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित