टिहरी/ कीर्तिनगर/लम्बगांव , फरवरी 21 -- उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी पहल ''जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार'' के तहत शनिवार को नगर पंचायत कीर्तिनगर और नगर पंचायत लम्बगांव में विशेष जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की शिकायतें सुनी गईं और कई मामलों का मौके पर निस्तारण भी किया गया।
कार्यक्रम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन तथा जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कीर्तिनगर नगर पंचायत के पंचायत भवन जाखणी (वार्ड संख्या-03) में आयोजित शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने की। यहां कुल 09 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन्हें जनसमर्पण पोर्टल पर अपलोड कर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। शिविर के दौरान दो प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा 15 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया। इनमें दो महिलाओं को महालक्ष्मी किट भी वितरित की गई। शिविर में लगभग 90 लोगों ने भाग लिया।
वहीं प्रतापनगर क्षेत्र की नगर पंचायत लम्बगांव में नगर पंचायत कार्यालय के समीप आयोजित शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने की। यहां विभिन्न विभागों के स्टालों पर लोगों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिनमें कुल 44 शिकायतें प्राप्त हुईं।
दोनों शिविरों में शहरी विकास, कृषि, वन, पेयजल, समाज कल्याण, सैनिक कल्याण, महिला सशक्तिकरण, खाद्य एवं आपूर्ति, स्वास्थ्य, ऊर्जा, सहकारिता, लोक निर्माण, शिक्षा तथा आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित