वाराणसी , सितंबर 27 -- सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को वाराणसी में शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के लहरतारा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया।
जन कल्याण शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से 18 स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र एवं वंचित लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए मौके पर ही आवेदन फॉर्म भरे गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन और आधार कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया गया।
मंत्री रविंद्र जायसवाल ने नौनिहाल का अन्नप्राशन कराया तथा गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को फल वितरित किए। इसके साथ ही क्षेत्र में सेवाएं प्रदान कर रही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंत्री ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और जरूरतमंदों की समस्याओं के समाधान के लिए ऐसे शिविरों का विशेष महत्व है।
उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से जन कल्याण शिविर लगाकर लोगों को चिह्नित कर लाभान्वित किया जा रहा है, ताकि उन्हें बेवजह परेशान न होना पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित